ईओडब्ल्यू एसपी ने क्रमवार फाइलें देखनी शुरू की

 



ग्वालियर। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ईओडब्ल्यू में पेंडिंग शिकायतें व मामलों में अब जल्द ही तेजी आयेगी। ईओडब्ल्यू के नये पुलिस अधीक्षक ने अब सभी पेंडिंग फाइलों की क्रमवार समीक्षा शुरू की है। इन शिकायतों व मामलों में सर्वाधिक नगर निगम से ही संबंधित है। अभी तक 3 सैकड़ा से अधिक मामलें ईओडब्ल्यू में विचाराधीन व लंबित है।
 ईओडब्ल्यू ग्वालियर के तहत अभी तक 80 प्रकरण विभिन्न मामलों के दर्ज हैं, वहीं 200 से भी अधिक शिकायतें दर्ज है जिनमें जांच के आदेश दिये गये हैं। इसके अलावा प्राथमिक जांच भी 47 से अधिक हैं। अब शिकायतों का परीक्षण कर तत्काल कार्रवाइ्र की जायेगी। ईओडब्ल्यू ने बताया कि ईओडब्ल्यू ग्वालियर के अंतर्गत ग्वालियर जिले के अलावा मुरैना, भिण्ड, दतिया, श्योपुर, गुना, शिवपुरी व अशोक नगर जिले कार्यक्षेत्र में हैं। इन जिलों में सर्वाधिक शिकायतें ग्वालियर जिले की हैं। विशेषकर नगर निगम ग्वालियर से संबंधित शिकायतें ज्यादा हैं। अब तो स्मार्ट सिटी कारपोरेशन ग्वालियर की शिकायतें भी प्राप्त हुई है।
ईओडब्ल्यू में प्राप्त होने वाली शिकायतों में विभागों में होने वाली आर्थिक गड़बड़ियां, काॅन्ट्रेक्टरों के साथ मिलकर शासकीय राजस्व में गड़बड़ी, शासकीय संपत्तियों में भ्रष्टाचार, अधिकारियों द्वारा की जाने वाली गड़बड़ी, विभिन्न बिल्डर्स द्वारा आम लोगों व शासकीय पक्ष को भ्रमित कर राजस्व गड़बड़ी, समूह गड़बड़ी, चिटफंड, काॅलेज व स्कूल छात्रवृत्तियां घोटाले, नगर निगम, नगर पंचायत, नगर पालिका, प्राधिकरण में होने वाली आर्थिक गड़बड़ियां शामिल हैं।