संदीप माकिन की उपलब्धि


ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर के कमिश्नर संदीप माकिन का तबादला भले ही राज्य सरकार ने किन्हीं कारणों से किया हो, लेकिन नगर निगम ग्वालियर ने उनके एक वर्षीय कार्यकाल में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। नगर निगम ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक सबसे ज्यादा संपत्ति कर वसूलने का रिकार्ड बनाया हैं। संपत्ति कर का यह कलेक्शन 56 करोड़ तक पहुंच गया हैं। जबकि वित्तीय वर्ष समाप्त होने में अभी 11 दिन बाकी हैं।
ज्ञांतव्य हैं कि नगर निगम ग्वालियर ने अपने 1956 में गठन के बाद से अब तक 64 वर्षों के इतिहास में 56 करोड़ का संपत्तिकर वसूला हैं, जो निगम के इतिहास में सर्वाधिक हैं। बीते वर्ष नगर निगम ग्वालियर का संपत्ति कर लगभग 52 करोड़ था। इस वर्ष निगम का संपत्तिकर का टारगेट 65 करोड़ रखा गया था, जिसे निगम आयुक्त संदीप माकिन ने गत वर्ष अपना पदभार सम्हालने के बाद 1 लाख संपत्तियों को दायरे में लेकर तय किया था। यह संपत्तिकर का टारगेट पूरा करने में अभी 12 दिन बचे है और इसे पूरा करने में निगम अमला व्यस्त हैं। निवर्तमान नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन की इस बात की सराहना करनी होगी कि उन्होंने न केवल नगर निगम की विभिन्न राजस्व आय में बढ़ोत्तरी की, बल्कि जलकर भी लगभग 20 करोड़ रूपये तक वसूला। स्वयं उनके कार्यों की प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन संजय दुबे व आयुक्त नगरीय प्रशासन पी. नरहरि तक ने सराहना की थी।
निगम आयुक्त माकिन ने स्वच्छता सर्वेक्षण में भी नगर निगम ग्वालियर को डबल प्लस का दर्जा दिलाने में विशेष मेहनत की। वह सुबह 5 बजे से देर रात्रि तक काम में तल्लीन रहते थे और काम के बोझ की शिकन चेहरे पर झलकने तक नहीं देते थे। उन्होंने शहरभर की सड़कों को भी महानगर की सड़कों में तब्दील किया और डिवाइडरों को भी नये रंग में सजाकर फुटपाथ नये टाइल्सों से सुसज्जित किये। इसी के साथ शहर के पार्कों को भी हालत बेहतर कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उनके कार्यकाल में स्मार्ट सिटी में भी बेहतर कार्य हुये।
इनका कहना है
मैंने अपने कार्यकाल में बेहतर करने की कोशिश की, सभी अधिकारी कर्मचारियों का भरपूर सहयोग मिला।
संदीप माकिन आईएएस, निवर्तमान निगम आयुक्त 
(साभार सत्ता सुधार)